मध्य प्रदेशराज्य

छुपा कानून बढ़ा नशे का जुनून : धड़ल्ले से बिक रहा स्मैक, गांजा, पाउडर, नशे की मंडी में तब्दील बाजार

Table of Contents

गोटेगांव नरसिंहपुरl जिले में नशा माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए पुलिस कप्तान द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन ईगल गोटेगांव नगर में पूरी तरह विफल नजर आ रहा है। विडंबना की बात यह है कि गोटेगांव थाना परिसर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित साप्ताहिक नया बाजार क्षेत्र में स्मैक और गांजे जैसे घातक मादक पदार्थों का कारोबार निर्बाध रूप से चल रहा है। पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे चल रही इन अवैध गतिविधियों ने न केवल कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है, बल्कि पूरे नगर की शांति और भविष्य को भी दांव पर लगा दिया है।

 जानकारी के अनुसार नशे के सौदागरों ने कानून से बचने के लिए अब छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों और युवतियों को ढाल के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है, जिससे अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। नया बाजार जैसे व्यस्ततम क्षेत्र का नशे की मंडी में तब्दील होना स्थानीय नागरिकों के लिए गहरी चिंता और असुरक्षा का विषय बन गया है। नशे की इस भयावह असर अब आम परिवारों के भीतर देखने को मिल रहा है, जहां स्मैक और गांजे की गिरफ्त में आए नव युवक अपनी तलब मिटाने के लिए अपराध की राह पर चल पड़े हैं। नशे की खुराक जुटाने के लिए ये युवक अपने ही घरों में मारपीट, गाली-गलौज और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। आलम यह है कि नशे के आदि युवा अपने घरों के जेवर, बर्तन और यहाँ तक कि राशन का सामान तक बेच रहे हैं, जिसके चलते कई हंसते-खेलते परिवार पूरी तरह उजड़ चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए मांग की है कि केवल दिखावे की कार्रवाई के बजाय नशे के मुख्य सरगनाओं पर शिकंजा कसा जाए। 

इनका कहना है- 

इस गंभीर मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया का कहना है कि प्रकरण की सघन जांच कराई जाएगी और नया बाजार सहित नगर के अन्य हिस्सों में सक्रिय अवैध नशे के कारोबारियों को चिन्हित कर उन पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button