कटनी

चौथी रेल लाइन के लिए होगा जमीन का अधिग्रहण, कटनी से पेंड्रा रोड स्टेशन के बीच नई रेल लाइन की प्रक्रिया शुरू, 2 हजार 975 करोड़ आएगी लागत

कटनी, यशभारत। कटनी-बिलासपुर रेलखंड में कटनी से पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन के बीच चौथी रेल लाइन बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे ने जमीन के अधिग्रहण के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार से परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद रेलवे ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी दी है। बताया जाता है कि सर्वे के जरिए अब यह पता लगाया जाएगा कि रेल लाइन के लिए किन गांवों की कितनी निजी जमीन की आवश्यकता है। रेल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी-पेंड्रा रोड रेलखंड पर चौथी लाइन बिछाने की परियोजना की लंबाई 201.37 किलोमीटर है। इसके लिए कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर जिले में जमीन अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए जारी की गई अधिसूचना के तहत संबंधित अधिकारियों को जमीन अधिग्रहण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे परियोजना के लिए जमीन चिन्हित करने की कार्रवाई आगे बढ़ सकेगी। कटनी की बात करें तो जमीन अधिग्रहण के लिए एसडीएम को नियुक्त किया गया है।
2975 करोड़ की है परियोजना
केंद्र सरकार ने 9 सितंबर 2026 को कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन सहित तीन रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी थी। तीनों परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 10 हजार 783 करोड़ रुपए है। कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन पर करीब 2975 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। चौथी लाइन बनने के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होगा। इसका सबसे बड़ा फायदा मालगाडिय़ों को होगा, क्योंकि कोयले की बढ़ती खेप को अधिक क्षमता के साथ निकाला जा सकेगा।
सर्वे से सामने आएगी जमीनों की तस्वीर
जमीनों का सर्वे इस परियोजना का अहम चरण होगा। इसी से पता चलेगा कि किन गांवों में रेल लाइन के लिए जमीन की जरूरत है और किन किसानों के खेत या जमीन का कुछ हिस्सा प्रभावित हो सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन केवल संपत्ति नहींए बल्कि कई परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन भी होती है। ऐसे में यदि किसी किसान की खेती की जमीन अधिग्रहण के दायरे में आती है, तो उसके सामने खेती के रकबे में कमी और भविष्य की आय को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं। अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढऩे पर जमीन मालिकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा मुआवजे का होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button