कटनी

चोरी के दो मामलों में फरार नाबालिग पुलिस गिरफ्त में, एनकेजे पुलिस ने शनि मंदिर के पास से पकड़ा

कटनी, यशभारत। एनकेजे पुलिस ने सूने मकानों से सोने चांदी के जेवरात चोरी करने के दो मामलों में फरार चल रहे एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर छोटी खिरहनी स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई करते हुए अपचारी बालक को बाल न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे बाल सम्प्रेषण गृह जबलपुर भेजने के आदेश दिए गए। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत ने बताया कि ग्राम सरसवाही निवासी अजय तिवारी ने 10 मार्च को अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर एनकेजे पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। इसी प्रकार प्रेमनगर निवासी विजय अहिरवार ने 20 अप्रैल को घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई। दोनों मामलों में सूने मकानों से सोने चांदी के जेवरात चोरी किए जाने की जांच की जा रही थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार राजा साहू और राजनंदनी साहू को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सरसवाही और प्रेमनगर के सूने मकानों में चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी मिली। आरोपियों के कथनों के आधार पर चोरी गए सामान की जब्ती की गई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने अपने साथ एक अपचारी बालक के भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। फरार अपचारी बालक की तलाश के लिए एनकेजे पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था। मुखबिरों की सूचना पर छोटी खिरहनी स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अपचारी बालक ने दोनों चोरी की घटनाओं में राजा साहू और राजनंदनी साहू के साथ शामिल होने की बात बताई। कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुड़पे, केवल उइके, प्रधान आरक्षक शैलेश दमोहिया, दिवाकर ओझा, अजय सिंह, आरक्षक रणविजय सिंह, शुभम गौतम और दीपक शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button