गोदाम में रिवर्स हो रहे ट्रक की चपेट में आई 2 वर्षीय मासूम : इलाज के दौरान मौत

दमोह। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चरयाई बाजार में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। गोदाम में रिवर्स हो रहे ट्रक की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्ची की पहचान जैस्मिन बंसल (2 वर्ष) पिता कैलाश बंसल, निवासी कैदो की तलैया, सिविल वार्ड क्रमांक 3, चरयाई के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चरयाई बाजार स्थित एक गोदाम में ट्रक से सामान खाली किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रक चालक वाहन को रिवर्स कर रहा था, तभी वहां मौजूद मासूम जैस्मिन ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। बच्ची के शव को जिला अस्पताल की शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
जिला अस्पताल के प्रबंधक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गंभीर अवस्था में बच्ची को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है तथा पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।







