कटनी

कुठला टीआई बनने प्रभारी मंत्री तक एप्रोच…एक सप्ताह से खाली पड़ी थाना प्रभारी की कुर्सी, दो निरीक्षकों के बीच फंसा पेंच

कटनी, यशभारत। एक सप्ताह बीतन के बाद भी कुठला थाना प्रभारी के पद पर किसी भी निरीक्षक की पोस्टिंग नहीं हो पाई है। 31 मई को तत्कालीन थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा के सेवानिवृत्त होने के बाद से ही यह पद रिक्त है। बताया जाता है कि पुलिस लाइन में आधा दर्जन निरीक्षक पदस्थ हैं, जिनमे से किसी एक को कुठला थाना प्रभारी बनाया जा सकता है। इसके अलावा भी कई थाना प्रभारी भी जोर लगा रह हैं। कुठला थाना प्रभारी बनने के लिए आधा दर्जन निरीक्षकों के बीच रस्साकस्सी चल रही थी, लेकिन अब मुकाबले में दो ही निरीक्षक बचे हैं, जिनके बीच फैसला होना है, इनमे से एक पुलिस लाइन में हैं तो दूसरे देहात में थाना प्रभारी। सूत्रों के मुताबिक दोनों ही निरीक्षकों द्वारा अपने-अपने स्तर पर एड़ी चोटी का जोर लगाया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के साथ ही नेताओं से भी संपर्क साधा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो निरीक्षकों द्वारा जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के साथ ही सत्तापक्ष के नेताओं से भी संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के प्रमुख थानों में से एक कुठला थाने की कुर्सी पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत लगाई जा रही है।
जल्द जारी होगी तबादला सूची
सूत्रों की मानें तो जिले के एक दर्जन से अधिक थानों में अंगद की तरह पैर जमाए कतिपय पुलिस कर्मियों को हटाने की भी तैयारी की जा रही है। ऐसे पुलिस कर्मी, जो थानों में अपना निर्धारित कोटा पूरा कर चुके हैं, उन्हें अन्यत्र पदस्थ करने के लिए सूची तैयार की जा रही है। बताया जाता है कि इस केटेगरी करीब दो दर्जन से अधिक पुलिस कर्मी शामिल है, जो कि एक ही थाने में सालों से जमे हुए हैं। इसके अलावा ऐसे पुलिस कर्मियों के भी तबादले किए जाने हैं, जिनके खिलाफ कई शिकायतें हैं। इसमे कुछेक थाना और चौकी प्रभारी भी शामिल है।
कई थाना प्रभारियों पर गिरेगी गाज
इस सबके बीच यशभारत को यह भी पता चला है कि कुठला थाने में नए थाना प्रभारी की पोस्टिंग के साथ ही जिले के कई थानों में भी फेरबदल किया जा सकता है। सूत्रों की मानें तो पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा आम जनता से मिलने वाले फीडबैक, शिकवा-शिकायतों और कामकाज के आधार पर जिले के कई थाना प्रभारियों को पुलिस लाइन का रास्ता दिखाया जा सकता है और थानों में पदस्थ निरीक्षकों को संबंधित थानों का प्रभार दिया जा सकता है। इसमे बड़वारा, बाकल, बरही, माधवनगर, रीठी थाने शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button