मध्य प्रदेशराज्य

ओवरलोडिंग बनी आफत: सागर में 125 सवारियों से भरी बस का टायर फटा, 3 गाड़ियां चकनाचूर, दर्जनभर घायल.…देखें पूरा वीडियो

सागर,यशभारत l शहर के मकरोनिया-बमोरी रोड पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बीटीआईआरटी कॉलेज के सामने यात्रियों से खचाखच भरी बरकोटी ट्रेवल्स की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई। हादसे का मुख्य कारण बस का अचानक टायर फटना बताया जा रहा है। दुर्घटना में बस की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि बस में सवार लगभग एक दर्जन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

चीख-पुकार और मची अफ़रा-तफ़री

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होते ही मौके पर अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। बस के अनियंत्रित होते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे व घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। यह बस सागर से नरसिंहपुर की ओर जा रही थी।

52 सीटर बस में ठूंसे थे सवा सौ से ज्यादा यात्री

घटना के बाद बसों में ओवरलोडिंग का भयानक सच उजागर हुआ है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस की क्षमता केवल 52 सीटों की थी, लेकिन त्योहार के नाम पर इसमें सवा सौ (125) से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर घर जा रहे लोग मजबूरी में जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर थे।

परिवहन विभाग और आरटीओ की कार्यप्रणाली पर सवाल

त्योहार के सीजन में बस संचालकों की मनमानी और आरटीओ (RTO) विभाग की लापरवाही पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षमता से ढाई गुना ज्यादा सवारियां बैठाए जाने के बावजूद सड़क पर चेकिंग न होना परिवहन विभाग की सुस्ती पर गंभीर सवाल खड़े करता है। क्षेत्रीय निवासियों ने यात्री सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन कराने और ओवरलोडिंग करने वाली बसों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button