ओबीसी के बच्चों को सरकार विदेश में दिलाएगी जॉब, भोपाल में छात्रों की होगी ट्रेनिंग, बच्चों का जापान और जर्मनी में होगा प्लेसमेंट

कटनी, यशभारत। कटनी जिले के आईटी सेक्टर के ओबीसी छात्रों के लिए खुशखबरी है। मध्यप्रदेश सरकार ने ओबीसी के बच्चों को विदेशों में नौकरी दिलाने सोशल इंपेक्ट बॉन्ड की महत्वाकांक्षी योजना लांच की है। पहले चरण में बच्चों को जापान और जर्मनी भेजने के लिए तैयारी की गई है। चयनित बच्चों की ट्रेनिंग से लेकर प्लेसमेंट आदि पर होने वाला खर्च देश के इन्वेस्टर्स उठाएंगे। कैबिनेट से यह प्रस्ताव मंजूर हो चुका है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अगले महीने आईटीआई और इंजीनियरिंग सहित अन्य ट्रेड के कुल 600 बच्चों के चयन की प्रक्रिया आईटी पार्क में बच्चों की ट्रेनिंग कराई शुरू की जाएगी। सभी जिलों के होनहार छात्रों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जापान-जर्मनी में प्लेसमेंट के बाद बच्चों को करीब 1.30 लाख रुपए वेतन के साथ रहने-खाने का मुफ्त इंतजाम रहेगा। मप्र सहित देश के कुछ चुनिंदा राज्यों में यह महत्वाकांक्षी योजना लागू की गई है। इसमें बच्चों की ट्रेनिंग और विदेशों में रहने खाने पर होने वाला व्यय चयनित निवेशक उठाएंगे।
ट्रेनिंग और चयन की तैयारी
पहले चरण में चयनित बच्चों का प्लेसमेंट मुख्यत: मैकेनिकल कंस्ट्रक्शन और नर्सिंग केयर गिवर ट्रेड में किया जाएगा। मैकेनिकल सेक्शन से मतलब हैवी मशीनरी के ऑपरेशन आदि का तकनीकी काम रहेगा। प्रदेश के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने बच्चों के चयन और ट्रेनिंग की तैयारी कर ली है। सोशल इंपेक्ट बॉन्ड योजना में नेशनल स्किल डेवलपमेंट कार्पोरेशन एनएसडीसी और सोशल स्टॉक एक्सचेंज बतौर नोडल एजेंसी की भूमिका निभाएंगे। जर्मनी और जापान की एम्बेसी द्वारा बच्चों को जॉब मिलने की जानकारी सरकार को भेजी जाएगी। इसके बाद राज्य सरकार संबंधित निवेशक को कुल खर्च की 30 फीसदी राशि का भुगतान करेगी।एप्टीट्यूट टेस्ट, बच्चों में दूसरी भाषा सीखने की क्षमता, अंग्रेजी का बुनियादी ज्ञान। विदेश में नौकरी करने की मानसिकता। शिक्षा, इंजीनियरिंग स्नातक, डिप्लोमा अथवा आईटीआई सार्टिफिकेट।







