एशिया कप में कांस्य पदक विजेता नौशीन नाज़ का पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मान : एसपी बोले-नौशीन नाज़ ने पूरे भारत को किया गौरान्वित

सिवनी यश भारत:-भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम के साथ एशिया कप 2026 में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और सिवनी जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभावान खिलाड़ी नौशीन नाज़ के लिए शुक्रवार देर शाम सम्मान समारोह का आयोजन हॉकी ग्राउंड किया गया। जहाँ सिवनी पुलिस अधीक्षक कृष्ण लाल चंदानी ने नौशीन नाज़ का शाल श्रीफल,हॉकी और शील्ड देकर सम्मान किया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नौशीन नाज़ प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने बेहतर प्रदर्शन से जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है, उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए को भी सहयोग चाहिए उसके लिए वे सम्भव मदद करेंगे, जिले के खेल खिलाड़ियों के लिए संदेश देते हुए कहा कि जिस लगन से नौशीन नाज़ ने यह मुकाम हाशिल किया है उसी तरह सभी को मेहनत करना चाहिए। इस अवसर पर शहर के हॉकी खिलाड़ी बच्चे , नागरिक, सामाजिक संगठन, और खेल प्रेमियों ने मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया।
नौशीन नाज़ ने एशिया कप 2026 में भारतीय अंडर-18 महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि ने सिवनी जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि नौशीन की सफलता जिले की युवा पीढ़ी, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग अधिकारी मनु धुर्वे का कहना है कि यह केवल एक खिलाड़ी का सम्मान नहीं, बल्कि सिवनी की खेल प्रतिभा और बेटियों की उपलब्धियों का सामूहिक उत्सव है।
एशिया कप में कांस्य पदक जीतकर लौटीं नौशीन नाज़ आज जिले के लिए गर्व का विषय बन चुकी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह सिवनी के खेल इतिहास का एक यादगार आयोजन बना है।







