आदर्श कॉलोनी में साइबर ठगी का शिकार हुई महिला, अज्ञात आरोपी ने झांसे में लेकर बैंक खाते से पार कर दिए 1 लाख 42 हजार, मामला दर्ज

कटनी, यशभारत। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत आदर्श कॉलोनी में एक महिला के साथ 1 लाख 42 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसारए आदर्श कॉलोनी निवासी संगीता सोनी पति अजय सोनी साइबर ठगी का शिकार हो गई। अज्ञात जालसाज ने 30 जुलाई से 25 अगस्त के बीच महिला को झांसे में लेकर उनके खाते से अलग-अलग किस्तों में 1 लाख 42 हजार रुपये पार कर दिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने संगीता सोनी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से लेनदेन से जुड़े बैंक खातों व संबंधित नंबरों की ट्रेसिंग कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।







