कृष्ण की मुरली ने बांधा भक्तिरस, होली लीला में सजे ब्रज के रंग रासलीला समारोह के छठवें दिन भाव विभोर हुए दर्शक, भजनों ने भी जमाया रंग

- कृष्ण की मुरली ने बांधा भक्तिरस, होली लीला में सजे ब्रज के रंग
रासलीला समारोह के छठवें दिन भाव विभोर हुए दर्शक, भजनों ने भी जमाया रंग
भोपाल, यश भारत। रविंद्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय रासलीला समारोह के छठवें दिन ब्रज की भक्ति और संस्कृति के रंग देखने को मिले। मथुरा के माधव आचार्य के निर्देशन में ब्रज के पारंपरिक कलाकारों ने मुरली की पुकार और कृष्ण गोपियों की होली लीला का मनोहारी मंचन किया। मुरली की पुकार प्रसंग में श्रीकृष्ण की बांसुरी को जीव और परमात्मा के बीच प्रेम व आकर्षण का प्रतीक बताया गया। मुरली की धुन पर गोपियों के भाव विभोर होने का मंचन दर्शकों को खूब पसंद आया। इसके बाद कृष्ण और गोपियों की होली लीला में गीत नृत्य और हास परिहास के साथ ब्रज की होली का उल्लास जीवंत हुआ। राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली ने साथियों के साथ भक्ति गायन प्रस्तुत किया। गणपति वंदना के बाद विभिन्न भजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। समारोह के अंतिम दिन शुक्रवार को नंद उत्सव और महारास का मंचन होगा। कार्यक्रम शाम 6.30 बजे से शुरू होगा और प्रवेश निश्शुल्क रहेगा।







