आकार ले रहा विधायक का “स्पोर्ट्स विजन”, 25 करोड़ के मैदान में खिलाड़ियों के सपने होंगे पूरे
एस्ट्रो टर्फ और पैवेलियन का काम पूरा, सालभर के भीतर मिल जाएगी सौगात

कटनी, यशभारत। कटनी के खेल प्रेमियों को करीब साल भर के भीतर फॉरेस्टर खेल मैदान के आधुनिकीकरण की सौगात मिल जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के प्रदेश के चुनिंदा ऐसे खेल परिसरों में कटनी का यह मैदान शामिल हो जाएगा, जहां इतने सारे खेलों के व्यवस्थित आयोजन की सुविधा प्राप्त हो। वर्तमान में इस मैदान में करीब 20 करोड़ के काम चल रहे हैं, जिनमें से कई कार्य पूर्ण होने को हैं। करीब 5 करोड़ की लागत के कुछ और कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के विधायक संदीप जायसवाल ने कटनी के खेल प्रेमियों के लिए सर्व सुविधायुक्त मैदान का जो सपना देखा था, अब वह आकार ले चुका है। जल्द ही खिलाड़ी अपनी अपनी रुचि के खेलों में हाथ आजमाते नजर आयेंगे।
जानकारी के मुताबिक फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के आधुनिकीकरण के प्रोजेक्ट की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई थी। तब 8 माह की अवधि में इसे पूर्ण करने का लक्ष्य था, कितनी प्रोजेक्ट बड़ा होने और विस्तार लेते जाने की वजह से इसमें समय लग रहा है। परियोजना के तहत क्रिकेट, हॉकी, बैडमिंटन कोर्ट, मल्टी परपज हॉल, टेबिल टेनिस, बास्केट बॉल, तीरंदाजी समेत अन्य खेलों के साथ पैवेलियन निर्माण होना है। इसके लिए अलग अलग मद में करीब 20 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए। पहले 10 करोड़, फिर 5 करोड़ तथा फिर ढाई करोड़ मिलाकर 20 करोड़ से काम को रफ्तार मिलती चली गई। वर्तमान स्थिति में एस्ट्रो टर्फ का काम पूरा हो चुका है। इसी तरह सुविधायुक्त पैवेलियन भी बनकर तैयार है। क्रिकेट और हाकी के मैदान एक साल के भीतर शुरू हो जाएंगे। कटनी के खेल प्रेमियों को हमेशा से एक व्यवस्थित खेल परिसर की आवश्यकता थी। उनकी सोच के मुताबिक कटनी के इस खेल परिसर को डिजाइन किया गया है। वर्तमान स्थिति में हॉकी और क्रिकेट मैदान के साथ बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। जब तक मैदान बनकर पूरी तरह तैयार नहीं हो जाता तब तक खिलाड़ियों को असुविधा अवश्य हो रही है। इन दोनों डे और नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित हो रहे है। आयोजकों को मैदान साफ करने में पसीना आ रहा है क्योंकि मैदान में जगह-जगह मटेरियल फैला हुआ है। ट्रैक अधूरा पड़ा है और इनडोर सुविधाएं शुरू नहीं हो हो पाने से नियमित अभ्यास प्रभावित हो रहा है। खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक बन गई है।
इंडोर हॉल लेटलतीफी का शिकार
हॉकी टर्फ निर्माण का काम लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है, लेकिन इसकी प्रगति भी संतोषजनक नहीं है। अधिकारियों द्वारा अब इसे अगस्त तक पूरा करने का दावा किया जा रहा था लेकिन यह भी अबतक अधूरा है। इंडोर हॉल का निर्माण भी करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है, जहां बैडमिंटन कोर्ट, जूडो, कुश्ती और अन्य खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जानी हैं। हालांकि यहां भी काम की रफ्तार धीमी है।
इनका कहना है
खिलाड़ियों को करीब साल भर के भीतर व्यवस्थित खेल मैदान की सुविधा मिल जाएगी। 5 करोड़ के प्रस्ताव दिए गए हैं, जिन पर काम शुरू होना है। चौपाटी की साइड एक और मैदान विकसित किया जाना है। कुल मिलाकर इस प्रोजेक्ट के पूरे होने के बाद कटनी को महानगरों की भांति बेहतर खेल परिसर मिल सकेगा, जिसमें सभी तरह के खेल हो सकेंगे। उनकी मंशा है कि कटनी में बेहतर खेल मैदानों की उपलब्धता हो। कुछ और मैदान भी तैयार होंगे।
संदीप जायसवाल, विधायक मुड़वारा, कटनी









