अवैध शराब की बिक्री नहीं रूकी तो संगठन आया सामने, बाइक समेत पकड़ी 2 पेटी अवैध शराब, भगवती मानव कल्याण संगठन ने दिखाई सक्रियता

कटनी/रैपुरा, यशभारत। रैपुरा क्षेत्र में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के खिलाफ भगवती मानव कल्याण संगठन और भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। 30 मई की रात 9 बजे कार्यकर्ताओं ने रैपुरा-कटनी तिराहे पर अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाई जा रही 2 पेटी अवैध सफेद प्लेन शराब जब्त की, इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो मोटरसाइकिल को भी पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार अवैध शराब की यह खेप गांवों में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर कार्यकर्ताओं ने कटनी तिराहे पर घेराबंदी कर बाइक को रोका और 2 पेटी अवैध शराब बरामद की। कार्यकर्ताओं ने तुरंत इसकी सूचना रैपुरा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस के हवाले शराब और वाहन को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। भगवती मानव कल्याण संगठन ने स्थानीय प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है लेकिन आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन इस पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। संगठन मांग करता है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और मुख्य शराब माफियाओं व दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।







