सेब से भरा ट्रक पलटा, घायल चालक को छोड़ ग्रामीणों ने की लूटपाट, गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा, 900 पेटियों से अधिक सेब सड़क पर बिखरे

जबलपुर।शनिवार रात भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया, जब सेब फल से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया। हादसा उस समय हुआ जब एक गाय को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने ब्रेक मार दिए, जिससे ट्रक संतुलन खो बैठा और पलट गया। लेकिन हादसे के बाद जो हुआ, वह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक था।
हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन घायल ट्रक चालक और कंडक्टर की मदद करने के बजाय उन्होंने ट्रक में लदे सेब फल की पेटियों को लूटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर चारों तरफ सेब बिखर गए और ग्रामीण पेटियां उठाकर भागने लगे।
ट्रक चालक अरुण चौरसिया ने बताया कि वह बेंगलुरु से सेब लोड कर रायपुर होते हुए चंडीगढ़ जा रहा था। जैसे ही ट्रक मीरगंज के पास पहुंचा, अचानक एक गाय सामने आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में उसने ट्रक पर ब्रेक लगाया, और तेज़ झटका लगने से ट्रक पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना प्रभारी कमलेश चौरैया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाकर स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को वहां से खदेड़ा और घायल चालक व कंडक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, ट्रक में 900 से अधिक पेटियों में सेव फल लदे थे, जो हादसे के बाद पूरी तरह सड़क पर फैल गए थे। भीड़ ने इन पेटियों को लूटने में जरा भी देर नहीं की।
प्रशासन सख्त, जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना और लूट की हरकतें दंडनीय अपराध हैं, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







