मुड़वारा स्टेशन के प्लेटफार्म 5 में टिकट विंडो के साथ बनेंगे प्रवेश और निकास द्वार, रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की बैठक में सदस्य पवन मित्तल के महत्वपूर्ण सुझावों पर मिली सहमति
प्लेटफार्म 1 और 5 में एस्केलेटर के साथ लिफ्ट सुविधा और टिकट विंडो के लिए स्वीकृति, कटनी जंक्शन स्टेशन में प्रीपेड बूथ भी शुरू होगा, ऑटो चालकों की धमाचौकड़ी से मिलेगी मुक्ति

कटनी, यशभारत। रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति की बैठक आज जबलपुर रेल मंडल महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य पवन मित्तल ने कटनी जंक्शन और मुड़वारा रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखकर अनेक सुझाव दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने इन सुझावों पर सहमति देते हुए जल्द ही इन पर काम शुरू कराने के निर्देश रेल अधिकारियों को दिए।
डीआरयूसीसी सदस्य पवन मित्तल ने बैठक में सुझाव दिया कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 और 5 में एस्केलेटर और लिफ्ट की सुविधा प्रदान की जाए ताकि यात्रियों को ब्रिज पर से अन्य प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए परेशानियों का सामना न करना पड़े। खासकर बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को इससे काफी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मुड़वारा स्टेशन में भट्ठा मोहल्ला की ओर प्रवेश तथा निकास द्वार बनाया जाना चाहिए ताकि एक बड़े क्षेत्र के यात्रियों को इस तरफ से स्टेशन में प्रवेश करना और स्टेशन से बाहर आना आसान हो सके। प्रवेश और निकास द्वार बनने से भट्ठा मोहल्ला के साथ, आयुध निर्माणी, एसीसी, लखेरा, मंगलनगर, माधवनगर समेत इससे जुड़े इलाकों के लोगों को लाभ होगा। स्टेशन पर इस तरफ टिकट विंडो का निर्माण करते हुए टिकट व्यवस्था शुरू कराई जाए ताकि यात्रियों को टिकट लेने प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर न जाना पड़े। वर्तमान स्थिति में प्लेटफार्म 5 की ओर से आने वाले यात्रियों को टिकट लेने प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर काफी दूर चलकर और ब्रिज पार कर आना पड़ता है। टिकट विंडो का निर्माण ग्रेड सेपरेटर के नीचे खाली प्लेस में कराया जा सकता है। यहीं प्रवेश और निकास द्वार भी बनाए जा सकते हैं।
गोंडवाना और चित्रकूट के समय में बदलाव के सुझाव
रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य पवन मित्तल ने गोंडवाना और चित्रकूट एक्सप्रेस के समय में बदलाव को लेकर भी अपनी मांग रखी है। उन्होंने कहा कि गोंडवाना एक्सप्रेस हजरत निजामुद्दीन से शाम 7 बजे चलाई जाना चाहिए ताकि ट्रेन सुबह 5.30 से 6 बजे के आसपास कटनी पहुंचे। इसी तरह चित्रकूट एक्सप्रेस भी लखनऊ से 7 बजे के आसपास चले ताकि कटनी में यह ट्रेन 6 बजे के आसपास पहुंचे। ऐसा करने से इन ट्रेनों में सफर करने वाले मुसाफिरों की सहूलियत बढ़ जाएगी। ज्यादातर ये ट्रेनें विलंब से ही कटनी पहुंचती हैं। डीआरएम ने इस सुझाव पर अपनी सहमति देते हुए कहा कि इस बाबत रेल मंत्रालय और सांसद के स्तर पर प्रयास किए जाएंगे ताकि जल्द से जल्द ये बदलाव हो सके।
ये सुझाव भी महत्वपूर्ण
बैठक में पवन मित्तल ने मुड़वारा स्टेशन को कटनी जंक्शन स्टेशन से जोड़ने वाली सड़क को सीधी करते हुए इसके चौड़ीकरण करने की आवश्यकता भी जताई, ताकि आवागमन सुगम हो सके। इसके अलावा मेन स्टेशन पर ऑटो रिक्शों की धमाचौकड़ी से निजात दिलाने के लिए प्रीपेड बूथ शुरू करने का सुझाव भी दिया। रेल अधिकारियों ने कहा कि शीघ्र ही कटनी के पुलिस अधीक्षक के लेबल पर चर्चा कर इस व्यवस्था को शुरू कराया जाएगा ताकि क्षेत्रवार किराए के निर्धारण भी हो सके और लोग ऑटो चालकों की मनमानी वसूली से बच सकें।







