मध्य प्रदेशराज्य

सिक्योरिटी गार्ड का बेटा बना टाॅपर, मेरिट सूची में तीसरे पायदान पर कब्जा,ज्ञानोदय स्कूल की दो छात्राओं ने मारी बाजी

Table of Contents

शहडोल। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश के हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा परिणाम में, जिले के एक सिक्योरिटी गार्ड के बेटे ने अपनी मेहनत के दम पर पिता का मान बढ़ाने का काम कर दिखाया है। उसने यह साबित कर दिया है कि, शिक्षा… संसाधनों, सुविधाओं की मोहताज नहीं होती और अगर दृढ़ संकल्प हो तो, मंजिल दूर नहीं रहती। बता दें कि, ब्यौहारी नगर के वार्ड क्रमांक 9, न्यू बरौंधा निवासी, योगेंद्र सिंह परमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश मेरिट सूची के तीसरे स्थान पर जगह बनाई है। वह शा. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी के छात्र हैं।

उन्होंने, कक्षा 10वीं की परीक्षा में 500 में से 497 अंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। बल्कि, पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद इलाके में खुशी का माहौल है। योगेंद्र की इस सफलता का श्रेय, उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों का मार्गदर्शन बताया गया है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया और उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया।

योगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। बताया कि, नियमित अध्ययन, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करने की इच्छा जताई है। योगेंद्र के पिता रामनरेश सिंह ब्यौहारी के एक निजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उन्होंने बताया कि, बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। उन्हें उम्मीद थी कि, योगेंद्र अच्छे अंक लाएगा, लेकिन प्रदेश स्तर पर स्थान हासिल करेगा, यह अनुमान नहीं था। जब उन्हें यह खबर मिली, तब वे बाजार में थे और तुरंत मिठाई लेकर घर पहुंचे। जहां पहले से ही लोगों की भीड़ लगी थी और सभी योगेंद्र को बधाई दे रहे थे।

 राज्य मेरिट सूची में बनाई जगह

शहडोल। जिले के प्रतिष्ठित ज्ञानोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का परिचय दिया है। विद्यालय की दो होनहार छात्राओं ने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है।

सबसे पहले कक्षा 12वीं (कला संकाय) की छात्रा माही मिश्रा ने 96.60% अंक प्राप्त कर राज्य में 7वां स्थान प्राप्त किया है। इनके पिता रामनयन मिश्रा, व्यवसायी एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े हैं एवं माता प्रीति मिश्रा हैं। माही ने वर्ष 2024 में कक्षा 11वीं में ज्ञानोदय विद्यालय में प्रवेश लिया था और अपने परिश्रम व शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता हासिल की।

वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा अरायना गुप्ता ने 98% अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में 10वां स्थान हासिल किया है। इनके पिता कन्हैया लाल गुप्ता, एसईसीएल पिपरिया में कार्यरत हैं एवं माता अंकिता गुप्ता हैं। अरायना ने वर्ष 2024-25 में कक्षा 9वीं से ज्ञानोदय विद्यालय में प्रवेश लिया था और निरंतर मेहनत के बल पर यह उपलब्धि प्राप्त की।

विद्यालय के संचालक अजय सिंह एवं प्राचार्या रेखा सिंह ने इस उपलब्धि पर छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं समस्त शिक्षकों को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि, विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं निरंतर मार्गदर्शन के कारण छात्र-छात्राएं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

विद्यालय के शिक्षकगण, विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति, नियमित अभ्यास एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन के माध्यम से पढ़ाई में निरंतर सहयोग प्रदान करते हैं। यही कारण है कि, विद्यालय के विद्यार्थी वर्ष 2010 से लगातार राज्य एवं जिला स्तर की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

टाइम्स पब्लिक स्कूल की छात्रा निशिका ने 12वीं मेरिट के चौथे पायदान पर किया कब्जा

शहडोल। शहर के प्रतिष्ठित टाइम्स पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता साबित की है। इस वर्ष विद्यालय की छात्रा निशिका गुप्ता ने 12वीं में 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त किया, जिससे स्कूल और जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। वहीं, 12वीं की ही जाह्नवी उपाध्याय ने 95.8 प्रतिशत अंक के साथ जिला मेरिट में अपना स्थान बनाया है। कक्षा 10वीं में सृष्टि गौतम ने 98 प्रतिशत अंक अर्जित कर लगातार तीसरे वर्ष विद्यालय को स्टेट मेरिट दिलाने का गौरव दिलाया है। इस सफलता से स्कूल प्रबंधन, शिक्षक और अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने जानकारी देते हुए कहा कि, यह सफलता केवल अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी का परिणाम है। “न छल, न कपट, न नकल… सिर्फ मेहनत” के सिद्धांत पर स्कूल कार्य करता है। जिसका परिणाम, छात्रों की उपलब्धियों में साफ दिखाई देता है। खास बात यह है कि, छात्र आईआईटी-जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ बोर्ड परीक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले वर्ष भी विद्यालय की छात्रा तिशा जसूजा ने स्टेट मेरिट में स्थान बनाया था। इसके अलावा कई छात्रों का चयन एमबीबीएस और आईआईटी-जेईई में हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button