मध्य प्रदेशराज्य

नाबालिगों को ब्लैकमेल कर हथियाए 12 लाख के सोने के हार : आरोपी गिरफ्तार… पढ़े पूरी खबर

सिवनी यश भारत :-सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों को ब्लैकमेल कर उनसे लाखों रुपये के जेवरात हासिल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 12 लाख रुपये मूल्य के दो सोने के हार बरामद किए हैं।

 

लखनादौन थाना प्रभारी के.पी.धुर्वे ने बताया कि समनापुर निवासी मननारायण भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 मई को घर की आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे दो सोने के हार गायब मिले। मामले की पड़ताल के दौरान परिवार के नाबालिग बच्चों से पूछताछ की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।

बच्चों ने बताया कि पड़ोस में आयोजित एक शादी समारोह में आए नरसिंहपुर जिले के मोहद निवासी कृष्णा पटेल ने उन्हें सिगरेट पिलाकर उसका वीडियो बना लिया था। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने और परिजनों को दिखाकर बदनाम करने की धमकी देने लगा। आरोप है कि उसने एक बच्चे का पैर साइलेंसर से जलाकर डराया-धमकाया तथा जान से मारने की धमकी भी दी। भय के कारण बच्चों ने घर में रखी लोहे की पेटी का ताला खोलकर उसमें रखे दो सोने के हार आरोपी को सौंप दिए।

शिकायत मिलने पर लखनादौन पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 19 वर्षीय कृष्णा पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने सोने के हार नरसिंहपुर में छिपाकर रखने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शनिवार दोपहर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के दोनों सोने के हार बरामद कर लिए। साथ ही आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसमें नाबालिग बच्चों के वीडियो मिले हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उपजेल लखनादौन भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे, महेश कुमार उइके, फकीरचंद उइके और आरक्षक अनील सोनकुवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button