बेटी लापता, दामाद ने ट्रेन से कटकर दी जान…वैश्यावृत्ति के आरोप ,दर्द से टूटा पिता पहुंचा पुलिस अफसरों की चौखट

जबलपुर यश भारत….पाटन तहसील से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां लापता बेटी की तलाश में जुटा एक पिता अब दामाद की आत्महत्या के बाद न्याय की गुहार लगा रहा है। पीड़ित ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार पाटन तहसील निवासी रामेश्वर तिवारी की बेटी तनु बीती 29-30 तारीख की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजनों का कहना है कि वह अपने पति के साथ सहेली से मिलने जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। मामले की सूचना नुन्सर पुलिस चौकी में दी गई थी, लेकिन परिवार का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।मामले ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया जब 7 तारीख को युवती के पति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने एक कॉल रिकॉर्डिंग छोड़ी, जिसमें रंजीत यादव नामक व्यक्ति और उसके कुछ साथियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।पीड़ित पिता का आरोप है कि रिकॉर्डिंग में उनकी बेटी को जबरन वैश्यावृत्ति के धंधे में धकेले जाने की बात कही गई है। दामाद ने अपनी रिकॉर्डिंग में सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म होने और मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया था।परिजनों के मुताबिक पुलिस ने रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी रंजीत यादव को चौकी बुलाया था, लेकिन इसके बाद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।एसपी कार्यालय पहुंचे रामेश्वर तिवारी ने कहा कि पुलिस लगातार उन्हें गुमराह कर रही है। उनका कहना है कि एक तरफ दामाद की मौत हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपनी लापता बेटी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और बेटी की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







