कांग्रेस में बढ़ी हलचल : पटवारी के बाद कल प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी का भी कटनी आगमन, जिलाध्यक्ष की नियुक्ति से पहले परखेंगी दावेदारों की सक्रियता

कटनी, यशभारत। कांग्रेस में इन दिनों हलचल तेज है। आज प्रदेश कांग्रेस के मुखिया जीतू पटवारी के कटनी प्रवास के बाद कल 14 फरवरी को प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया का कटनी आगमन हो रहा है। दो दिन में प्रदेश कांग्रेस के दो प्रमुख चेहरों के प्रवास को लेकर कटनी की कांग्रेस में गतिविधियां तेज हैं। रीना बौरासी के दौरे को कटनी में जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष की होने वाली नियुक्ति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वे कटनी में कांग्रेस नेत्रियों की सक्रियता परख लेंगी, उसके बाद संगठन की कमान किसे सौंपी जाए इस पर निर्णय होगा।
जानकारी के मुताबिक रीना बौरासी कल 14 फरवरी को अपरान्ह साढ़े 3 बजे मैहर से आकर कटनी प्रवेश करेंगी। यहां वे सीधे आस्था प्लाजा बरगवां स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से मुलाकात करेंगी तथा इसके बाद महिला कांग्रेस की बैठक लेंगी। रीना बौरासी के आगमन को लेकर महिला कांग्रेस ने आज से ही तैयारियां तेज कर दी। बताया जा रहा है कि वे महिला कांग्रेस की बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ ही डेढ़ साल बाद होने वाले नगरीय निकाय चुनाव के लिए तैयारी करने की बात भी करेंगी। गौरतलब है कि रजनी वर्मा को प्रदेश महासचिव बनाए जाने के बाद से जिलाध्यक्ष के पद पर नई नियुक्ति होना है। ऐसे में रीना बौरासी इस पद के दावेदारों की सक्रियता भी परख लेंगी।
पटवारी के प्रवास से हलचल तेज
इस बीच प्रदेश कांग्रेस के मुखिया जीतू पटवारी के कटनी प्रवास से कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने जिस तरह से प्रदेश की मोहन यादव सरकार को आड़े हाथ लिया उससे साफ संदेश गया है कि कांग्रेस अब भाजपा से मैदान में भी सीधा मुकाबला करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर आदिवासियों को उनका हक दिलाया जाएगा। दरअसल पटवारी मौजूदा दौर में प्रदेश की राजनीतिक बिसात को भांपते हुए कटनी के महत्व से भी परिचित हैं। वे जानते हैं कि भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम को वे कटनी से जोड़कर धार दे सकते हैं।







