लिव-इन पार्टनर ने किया मासूम का अपहरण, यूपी में चलती ट्रेन से आरोपी गिरफ्तार

लिव-इन पार्टनर ने किया मासूम बेटी का अपहरण, यूपी में चलती ट्रेन से आरोपी गिरफ्तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बजरिया थाना क्षेत्र के द्वारका नगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला के लिव-इन पार्टनर ने उसकी 6 वर्षीय मासूम बेटी का अपहरण कर लिया और उसे लेकर उत्तर प्रदेश फरार होने की फिराक में था। हालांकि, भोपाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और यूपी जीआरपी के सहयोग से आरोपी को उरई रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से धर दबोचा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता द्वारका नगर की निवासी है। महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है और वह पिछले करीब डेढ़ साल से शंकर राजपूत नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन में रह रही थी। मंगलवार दोपहर आरोपी शंकर ने धोखे से मासूम बच्ची का अपहरण किया और उसे अपने साथ लेकर चंपत हो गया।
प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में बिछाया गया जाल
महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से यूपी के सीतापुर का रहने वाला है। तकनीकी इनपुट और घेराबंदी के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी प्रतापगढ़ एक्सप्रेस के जरिए बच्ची को यूपी ले जा रहा है।
उरई स्टेशन पर हुई नाटकीय गिरफ्तारी
भोपाल पुलिस ने बिना समय गंवाए उत्तर प्रदेश जीआरपी से संपर्क साधा। जैसे ही ट्रेन उरई रेलवे स्टेशन पहुंची, पुलिस टीम ने आरोपी को ट्रैक कर लिया और उसे हिरासत में लेकर बच्ची को सकुशल बरामद किया। बुधवार सुबह पुलिस टीम आरोपी और बच्ची को लेकर भोपाल पहुंची।
क्यों किया मासूम का अपहरण?
पुलिस ने आरोपी शंकर राजपूत के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बिंदु पर पूछताछ कर रही है कि आरोपी बच्ची को लेकर क्यों जा रहा था और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश थी।







