विकास नगर में भीषण आग: झोपड़ियां जलकर खाक, कई किलोमीटर तक फैला धुआं, दहशत में लोग
लखनऊ यश भारत

लखनऊ यश भारत । राजधानी के विकास नगर कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा अग्निकांड हो गया। रिंग रोड स्थित खाली प्लॉट में बनी झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि कई किलोमीटर दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा और लोग दहशत में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग अज्ञात कारणों से लगी, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ। आग ने देखते ही देखते कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से आग और भी भड़क गई।घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका।गौरतलब है कि जहां आग लगी, उसके पास ही बड़े वाहन शोरूम और Holiday Inn होटल भी स्थित हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।







