कलेक्टर की पहल : पुरातन बावड़ी को सहेज कर रखने के लिए निर्देश
कलेक्टर पहुंचें ग्राम लखरोनी ग्रामीणों से की चर्चा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

दमोह। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर अल सुबह पथरिया ब्लॉक अंतर्गत ग्राम लखरोनी पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचीन बावड़ी का अवलोकन किया। उन्होंने सीढ़ियों से नीचे उतरकर इसकी दीवार पर लगे हुए लेख को देखा। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा इसकी बनावट बहुत ही अच्छी है, इस बावड़ी पर ध्यान देना आवश्यक हैं। मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा इसकी सफाई कर इसका संरक्षण किया जाये।
इसके उपरांत उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा की। ग्रामीणों ने रेल्वे लाइन के समीप चरनोई भूमि, लखरोनी से सतपारा सड़क मार्ग, बेहतर पेयजल व्यवस्था, सुचारू विद्युत आपूर्ति इत्यादि के बारे में अपनी बातें रखी। जिस पर श्री कोचर ने निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और पुनः आमंत्रित किया।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने भ्रमण के दौरान खेत में विचरण कर रहे वन्यजीवों को कैमरे में कैद किया। उन्होंने कहा प्रकृति की खूबसूरती इस समय चारों ओर हरियाली के रूप में वसुधा पर बिखरी हुई है, जो हर किसी को मोह रही है। अपनी तेज रफ्तार चाल के लिए पहचाने जाने वाले हिरणों का झुंड भी मानो इसे ही निहार रहा है। आज सुबह दमोह पथरिया के निरीक्षण से लौटते समय सड़क किनारे किसी खेत में हिरणों का झुंड दिखा तो बिना फ़ोटो खींचे नही रह पाए।