पिपलानी में ई-रिक्शा ने युवक को रौंदा, अस्पताल में मौत; अपनी मां को मौके पर छोड़कर भागा चालक

पिपलानी में ई-रिक्शा ने युवक को रौंदा, अस्पताल में मौत; अपनी मां को मौके पर छोड़कर भागा चालक
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। घर के बाहर टहल रहे एक 48 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के वक्त रिक्शा में आरोपी चालक की मां भी सवार थी, जिसे मौके पर ही छोड़कर आरोपी बेटा फरार हो गया।
खाना खाकर टहल रहे थे सुपरवाइजर
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान हटे सिंह जादव उम्र 48 वर्ष पिता काशीनाथ जादव के रूप में हुई है। वे पिपलानी के बी-सेक्टर, शो क्वार्टर में रहते थे और एक निजी ठेकेदार के पास बतौर साइट सुपरवाइजर काम करते थे। शनिवार देर रात वे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
मां बोली- ब्रेक नहीं लग रहे थे
मृतक के भाई भाव सिंह जादव ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि हटे सिंह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मोहल्ले के लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी चालक गिरफ्तारी के डर से अपना ई-रिक्शा छोड़कर भाग निकला। हैरानी की बात यह है कि रिक्शा में चालक की मां भी बैठी हुई थी। पूछताछ में मां ने बताया कि रिक्शा के ब्रेक सही से काम नहीं कर रहे थे, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया।
पिपलानी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर को हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।







