जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग-ओवरटेक के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई तेज रफ्तार बस, पलटने से 25 यात्री घायल

गोसलपुर थाना क्षेत्र के मिडवे के पास हुआ हादसा, घायलों में कई की हालत गंभीर

जबलपुर,यशभारत। गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे स्थित मिडवे के समीप मंगलवार सुबह दस बजे एक तेज रफ्तार यात्री बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में सवार करीब 25 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी 20 ए 0372 गेहूं लेकर जबलपुर की उपज मंडी की ओर जा रही थी। इसी दौरान कटनी से जबलपुर की तरफ आ रही एक तेज रफ्तार बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान चालक संतुलन खो बैठा और बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया तथा उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गोसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना बताया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button