एमपी पुलिस एसआई भर्ती मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित

एमपी पुलिस एसआई भर्ती मुख्य परीक्षा का रिजल्ट घोषित
1166 पुरुष और 473 महिला अभ्यर्थी हुए सफल, अब फिजिकल और इंटरव्यू से तय होगा फाइनल सिलेक्शन
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सूबेदार और उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा के दूसरे चरण का परिणाम घोषित कर दिया है। जारी किए गए परीक्षा परिणाम के अनुसार, मुख्य परीक्षा में कुल 1166 पुरुष और 473 महिला अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। मुख्य परीक्षा के इस पड़ाव को पार करने वाले उम्मीदवार अब भर्ती प्रक्रिया के अगले महत्वपूर्ण चरणों में शामिल होंगे।
कर्मचारी चयन मंडल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए कैंडिडेट्स के लिए अब फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट और फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को इंटरव्यू , डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट की प्रक्रियाओं से भी गुजरना होगा। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का ही अंतिम रूप से चयन किया जाएगा।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि आगामी शारीरिक दक्षता परीक्षा और इंटरव्यू का विस्तृत शेड्यूल, परीक्षा केंद्रों की सूची और एडमिट कार्ड जल्द ही अलग से जारी किए जाएंगे। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर जरूरी अपडेट्स प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से ईएसबी की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।






