यशभारत ब्रेकिंग -शादी में शामिल होने गई तीन लड़कियां नहर में डूबी, तलाश जारी
बरगी-सालीवाड़ा केनाल में हादसा, चचेरी बहनें थीं तीनों

जबलपुर, यश भारत। गुरुवार की दोपहर बरगी क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नर्मदा नदी की केनाल में नहाने गई तीन लड़कियां तेज बहाव में बह गईं। तीनों आपस में चचेरी बहनें थीं और शादी समारोह में शामिल होने सालीवाड़ा आई हुई थीं। समारोह के बाद वे नहर में नहाने चली गईं, जहां गहरे पानी और तेज बहाव में फंसकर डूब गईं।
डूबने वाली लड़कियों की पहचान शीतल पटेल, तनु पटेल और सानिया पटेल के रूप में हुई है। उनकी उम्र क्रमश: 23 वर्ष, 17 वर्ष और 8 वर्ष बताई जा रही है। वे गौर कोसमघाट, बिलहरी कटिया घाट और मेडिकल क्षेत्र के पास सगड़ा की निवासी बताई जा रही हैं।
घटना के समय केनाल किनारे मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव अधिक होने और गहराई ज्यादा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। बताया जा रहा है कि चार लड़कियां नहाने गई थीं, जिनमें से एक किसी तरह बाहर निकल आई, जबकि तीनों बह गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। समाचार लिखे जाने तक तीनों का कोई पता नहीं चल सका था और तलाश जारी थी।







