यशभारत ब्रेकिंग…चूल्हे की चिंगारी से कच्चे मकान में लगी आग, महिला की जिंदा जलकर मौत…देखे वीडियो
लटकती केबल से दमकल को हुई परेशानी

जबलपुर, यश भारत। सिहोरा के इमलहापुरा वार्ड क्रमांक-9 में शनिवार दोपहर चूल्हे से निकली चिंगारी ने एक महिला की जान ले ली। कच्चे मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दौरान छोटे और संकरे कमरे में फंसी 45 वर्षीय पूजा कोल बाहर नहीं निकल सकीं और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पूजा के पति बंटी कोल मजदूरी करते हैं, जबकि पूजा कबाड़ बीनकर परिवार की आर्थिक मदद करती थीं। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बंटी घर लौटे थे। खाना खाने के बाद वह बाहर चले गए। इसी दौरान पूजा चूल्हे पर खाना बना रही थीं। तभी चूल्हे की आग पास रखे कपड़ों तक पहुंच गई। कपड़ों ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में पूरा कच्चा मकान लपटों से घिर गया। आग और धुएं से कमरा भर गया। आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी। पूजा कमरे से बाहर नहीं निकल सकीं और अंदर ही दम तोड़ दिया।
लटकती केबल से दमकल को हुई परेशानी
सूचना पर नगर पालिका की दमकल मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन घनी बस्ती और संकरे रास्ते में नीचे लटक रही बिजली की केबल के कारण वाहन को पहुंचने में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों की मदद से केबल ऊपर करवाने के बाद दमकल घटनास्थल तक पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सिहोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।







