जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग – नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी के घर ईओडब्ल्यू का छापा

आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई, फ्लैट, भूखंड, वाहन और निवेश संबंधी दस्तावेज मिले

न्यायालय से वारंट लेकर पहुंची टीम, संपत्तियों का वैल्यूएशन जारी

जबलपुर, यशभारत। नगर निगम के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोला राव के आवास पर मंगलवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने दबिश देकर सर्चिंग की कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू द्वारा लंबे समय से जांच की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद अधिकारियों ने उनके निवास पर छापा मारा।

सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू अधिकारियों ने मकान के विभिन्न हिस्सों की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान टीम को एक फ्लैट, करीब 10 हजार वर्गफीट का भूखंड, चार दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा बीमा पॉलिसियों, बैंक खातों तथा नगद लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार मूल रूप से आंध्र प्रदेश निवासी पोल राव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू ने उनके आय स्रोत और संपत्तियों का ब्योरा जुटाना शुरू किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के बाद न्यायालय की अनुमति लेकर यह कार्रवाई की गई।

ईओडब्ल्यू अधिकारियों के मुताबिक जब्त किए गए दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आय और अर्जित संपत्तियों का तुलनात्मक आकलन कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों की पड़ताल के साथ-साथ अन्य स्थानों पर भी निवेश और संपत्तियों की जानकारी खंगाली जा रही है। ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई से नगर निगम महकमे में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों का कहना है कि संपत्तियों के मूल्यांकन और दस्तावेजों की जांच के बाद मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button