यशभारत ब्रेकिंग : आईटी पार्क रोड पर डिवाइडर से टकराई एक्टिवा, 15 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

जबलपुर,यशभारत। तिलवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत आईटी पार्क रोड पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के दौरान एक्टिवा पर चार बच्चियां सवार थीं। दुर्घटना में घायल बच्ची को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह चार बच्चियां एक्टिवा पर सवार होकर कहीं जा रही थीं। इसी दौरान तिलवारा थाना क्षेत्र के आईटी पार्क रोड पर अचानक एक्टिवा अनियंत्रित हो गई और सड़क डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा सवार बच्चियां सड़क पर गिर गईं। हादसे में 15 वर्षीय बच्ची को गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, 13 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल बच्ची को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, हादसे में बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची तिलवारा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक्टिवा पर चार बच्चियां सवार होकर जा रही थीं। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।







