₹10 हजार वेतन में कैसे चले घर? , नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन

₹10 हजार वेतन में कैसे चले घर?
नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों ने नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर गुलाब उद्यान पार्क के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नाम ज्ञापन सौंपने की बात कही।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने में आउटसोर्स कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम से जुड़े विभिन्न कार्यों में दिन रात सेवाएं देने के बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम वेतन मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि करीब 10 हजार रुपये की मासिक सैलरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि इसी वेतन से बच्चों की पढ़ाई लिखाई स्कूल फीस स्वास्थ्य संबंधी खर्च कपड़े और राशन सहित घर की अन्य जरूरतें पूरी करनी पड़ती हैं। उनका आरोप है कि कई बार वेतन से अलग अलग मदों में राशि काट ली जाती है, जिससे हाथ में आने वाला वेतन और कम हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें पर्याप्त अवकाश की सुविधा नहीं मिलती। कर्मचारियों का सवाल है कि जब नगर निगम की व्यवस्थाओं में उनकी सेवाएं लगातार ली जा रही हैं तो उनके वेतन और सेवा शर्तों में सुधार क्यों नहीं किया जा रहा। कर्मचारियों ने नियमितीकरण वेतन बढ़ाने और अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की है। प्रदर्शन में कर्मचारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सत्यापन के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया। कर्मचारियों का कहना है कि वे सम्मानजनक वेतन और बेहतर सेवा शर्तों की मांग को लेकर अपना पक्ष शासन के सामने रख रहे हैं ।






