महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: जापान की लगातार दूसरी जीत, चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ
भोपाल, यश भारत।

महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: जापान की लगातार दूसरी जीत, चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ
भोपाल, यश भारत। राजधानी के नाथू बरखेड़ा इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के दूसरे दिन शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के मुकाबले में जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि चीन और मलेशिया के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अब सभी की नजरें मेजबान भारतीय टीम और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं।चीन और मलेशिया के बीच खेले गए मुकाबले में मलेशियाई खिलाड़ियों ने मजबूत चीनी टीम को कड़ी चुनौती दी। दोनों टीमों ने दो-दो गोल किए और मुकाबला बराबरी पर छूटा। इस परिणाम के बाद चीन को चार और मलेशिया को एक अंक मिला।
दूसरे मुकाबले में जापान ने शुरुआत से ही थाईलैंड पर दबाव बनाए रखा। जापानी खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ जापान छह अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है।शनिवार शाम सात बजे मेजबान भारत का सामना दक्षिण कोरिया से होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से उतरेगी। अंक तालिका में जापान छह अंकों के साथ पहले, चीन चार अंकों के साथ दूसरे और भारत तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स-2 और जियोहॉटस्टार पर किया जा रहा है।







