देश

नाले में मिली महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान

नाले में मिली महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान

भोपाल, यश भारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित घोड़ा निक्कास इलाके में बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्थानीय लोगों ने नाले में एक महिला का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। महिला की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है।

संदेह के घेरे में मामला
हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं और बरामदगी के वक्त शव लाल रंग के कपड़े से ढका हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सके।

बाहरी व्यक्ति होने की संभावना
घटनास्थल के पास ही भोपाल रेलवे स्टेशन स्थित है, जिसके कारण इस इलाके के होटलों और लॉजों में बड़ी संख्या में बाहरी यात्री रुकते हैं। पुलिस को अंदेशा है कि महिला किसी होटल या लॉज में रुकी हो सकती है। इसी आधार पर पुलिस ने मृतका की फोटो आसपास के सभी लॉज संचालकों और थानों को भेज दी है।

वही पुलिस की एक टीम घटनास्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव को वहां लाकर फेंका गया है या घटना कहीं और अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही मामले की गुत्थी सुलझ सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button