भोपाल
चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली महिला, ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से बची जान – भोपाल स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस में हुआ हादसा, प्रेशर ड्रॉप कर तत्काल रोकी ट्रेन

चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसली महिला, ट्रेन मैनेजर की सतर्कता से बची जान
– भोपाल स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस में हुआ हादसा, प्रेशर ड्रॉप कर तत्काल रोकी ट्रेन

भोपाल, यश भारत । भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला यात्री का पैर फिसल गया। पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में पदस्थ ट्रेन मैनेजर अभिषेक परसाई की त्वरित सूझबूझ और सतर्कता से महिला की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस शाम करीब 4 बजे भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-4 से रवाना हुई थी। ट्रेन के चलने के तुरंत बाद भोपाल से पिपरिया जा रही महिला यात्री सीमा ठाकुर ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच गिरकर कोच के नीचे जाने लगीं।
घटना पर ट्रेन मैनेजर अभिषेक परसाई की नजर पड़ते ही उन्होंने बिना देर किए ब्रेकवान से प्रेशर ड्रॉप कर ट्रेन को तत्काल रुकवा दिया। ट्रेन रुकते ही महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

इसके बाद घायल महिला को ब्रेकवान में लाकर प्राथमिक उपचार दिया गया। साथ ही घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई और आगे के उपचार के लिए इटारसी स्टेशन पर चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने ट्रेन मैनेजर अभिषेक परसाई की तत्परता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सजगता से एक यात्री का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि अपनी सुरक्षा के लिए कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें और ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही यात्रा करें।






