जबलपुरमध्य प्रदेश

बेलखाडू में क्रेन की टक्कर से बाइक सवार महिला गंभीर, मेडिकल में भर्ती, देखे वीडियो ….

पति और बच्चों के साथ मायके से लौट रही थी ससुराल

जबलपुर यशभारत । मायके से पति और बच्चों के साथ बाइक पर ससुराल लौट रही महिला झगरा रिंग रोड के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। क्रेन की टक्कर से महिला को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उसे मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार जारी है।

दुर्घटना के संबंध में बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि करारी मनकवारा निवासी 25 वर्षीय मंजू बसोर पति आकाश बसोर और बच्चों के साथ मायके से ससुराल जाने के लिए बाइक से निकली थी। परिवार अभी झगरा रिंग रोड के पास पहुंचा ही था कि इसी दौरान क्रेन की चपेट में बाइक आ गई। क्रेन की टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल महिला को संभाला। तत्काल उसे उपचार के लिए सबसे पहले बेलखाडू लाया गया जहां से हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर बताई है। हादसे में महिला के साथ मौजूद पति और बच्चों की स्थिति के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। क्रेन किस दिशा से आ रही थी और बाइक उसकी चपेट में किन परिस्थितियों में आई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे ने एक बार फिर व्यस्त रिंग रोड और उसके आसपास भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल घायल महिला का मेडिकल अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की नजर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button