शादी की खुशियां मातम में बदलीं: भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन समेत 5 की मौत
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुआ हादसा

मऊ,एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बेटी की शादी से लौट रहे परिवार की कार ट्रक से टकरा गई, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरसातपुर अहिरानी गांव के पास हाईवे पर हुआ। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में गोरखपुर निवासी विनय श्रीवास्तव (53), उनकी पत्नी अर्चना (48), बेटा कृतार्थ (27) तथा बिहार के गया निवासी रविंद्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) शामिल हैं। हादसे में कार में मौजूद पालतू कुत्ते की भी जान चली गई।
बताया जा रहा है कि विनय श्रीवास्तव अपनी बेटी मीमांसा की शादी में शामिल होने झारखंड गए थे और वहीं से परिवार सहित लौट रहे थे। शादी के बाद घर वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, यह परिवार पिछले कई वर्षों से गोरखपुर में रह रहा था। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।







