मामूली विवाद के बाद युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस ने दर्ज किया केस

मामूली विवाद के बाद युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस ने दर्ज किया केस
भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र स्थित काजी कैंप इलाके में आपसी विवाद के चलते चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने दूसरे युवक पर मामूली बात को लेकर चाकू से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरिश और आमिर के बीच काजी कैंप क्षेत्र में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आमिर ने आपा खो दिया और आरिश पर चाकू से वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल आरिश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने बताया कि घायल की शिकायत पर आरोपी आमिर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और मुखबिरों की मदद से आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को हिरासत में ले लिया जाएगा।







