मतदाता सूची शुद्धीकरण अभियान पूरा, अब उपचुनाव जागरूकता पर फोकस * ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपी रिपोर्ट

मतदाता सूची शुद्धीकरण अभियान पूरा, अब उपचुनाव जागरूकता पर फोकस
* ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपी रिपोर्ट
भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की ब्रांड एम्बेसेडर सारिका घारू ने मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण जागरूकता अभियान की विस्तृत रिपोर्ट आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव को सौंप दी। इसके साथ ही आगामी स्थानीय निकाय उपचुनावों के लिए मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्राप्त किए।
बैठक के दौरान सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने स्थानीय निकाय मतदाता सूची के प्रति आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, युवाओं को अभियान से जोड़ने तथा बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना आयोग की प्राथमिकता है।
सारिका घारू ने बताया कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण जागरूकता अभियान आयोग के कमिश्नर मनोज कुमार श्रीवास्तव और सचिव दिनेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के तहत प्रदेश के सात जिलों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और आवश्यक सुधार संबंधी जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई गई।
रिपोर्ट सौंपने के दौरान आगामी स्थानीय निकाय उपचुनावों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। आयोग का लक्ष्य उपचुनावों में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाना है।







