खमरिया थाने के आगे एम्बुलेंस से टकराई मोटरसाइकिल,व्हीएफजे श्रमिक नेता असीम दुबे की मौत
घटना के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर फरार

जबलपुर यश भारत।देर रात खमरिया थाने के एक एम्बुलेंस से मोटरसाइकिल की भिड़ंत में व्हीएफजे वर्क्स कमेटी सचिव असीम दुबे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि 108 एम्बुलेंस से किसी मरीज को शहडोल से इलाज के लिए जबलपुर लाया जा रहा था। घटना के बाद एम्बुलेंस ड्राइवर फरार हो गया। जबकि उसमें लाये जा रहे मरीज को पुलिस ने किसी अस्पताल में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार असीम दुबे व्हीएफजे वर्कर्स यूनियन की ओर से वर्क्स कमेटी में चुने गए थे और वर्क्स कमेटी सचिव रहे। परिचितों के अनुसार असीम अपने किसी रिश्तेदार को स्टेशन पहुंचाने गये थे और रात करीब एक बजे वो अपने घर ढाना लौट रहे थे। जब वो थाने के आगे पहुंचे तभी शहडोल की ओर से मरीज लेकर जबलपुर आ रही 108 एम्बुलेंस से मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार असीम दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनका एक हाथ वहीं कट कर गिर गया।देर रात में ही इसकी खबर उनके परिचितों को लग गई। एआईडीईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस एन पाठक, संगठन सचिव अर्नव दास गुप्ता सहित अनेक नेताओं ने दुख जताया है। फिलहाल उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया है।







