कूलर कारखाने में चोरी करने वाले दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, 5 लाख का माल बरामद

कूलर कारखाने में चोरी करने वाले दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, 5 लाख का माल बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के हनुमानगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई एक चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 13 कूलर, 22 कूलर की मोटर और एक अलमारी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 1 मई की रात की है, जब फरियादी अमान उर रहमान के जय भारत स्टडी के पास स्थित कूलर कारखाने का ताला तोड़कर चोरों ने माल साफ कर दिया था। अगली सुबह जब फरियादी कारखाना पहुँचा, तो शटर टूटा देख उसके होश उड़ गए। मामले की शिकायत मिलने पर हनुमानगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार
थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने इलाके के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति छोला रोड के पास सस्ते दाम पर कूलर बेचने की बात कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर शहबाज उम्र 24 साल निवासी करोंद को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी तोहिद बख्श उम्र 18 साल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया है।







