कपड़े पसंद न आने पर बुजुर्ग से मारपीट : स्टेशन रोड पर शर्मनाक घटना, आरोपी बाप-बेटा गिरफ्तार

सतना। शहर के स्टेशन रोड पर शुक्रवार दोपहर एक बुजुर्ग ग्राहक के साथ दुकान में मारपीट की शर्मनाक घटना सामने आई है। महदेवा निवासी 61 वर्षीय राजकुमार तिवारी के साथ कपड़े नहीं पसंद आने पर दुकानदार और उसके बेटे ने मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो राहगीरों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार श्री जलाराम नामक कपड़ा दुकान में राजकुमार तिवारी कपड़े खरीदने पहुंचे थे। वे काफी देर तक कपड़े देखते रहे, लेकिन कोई वस्त्र पसंद नहीं आने पर उन्होंने खरीदने से इनकार कर दिया। इस पर दुकान के मालिक चित्रेश ठक्कर और उनके बेटे हिमांशु ठक्कर से उनकी कहासुनी हो गई।
जैसे ही बुजुर्ग दुकान से बाहर निकलने लगे, तभी बाप-बेटे ने उन पर हमला कर दिया। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि बुजुर्ग को गमछे से खींचकर दुकान से बाहर निकाला गया और पीटा गया। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को काबू में किया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी चित्रेश और हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।







