चलती स्कूटी को टक्कर मार महिलाओं से लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

चलती स्कूटी को टक्कर मार महिलाओं से लूट करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
वारदात के दौरान आईसीयू पहुंची थीं महिलाएं; फरार तीसरे आरोपी पर दर्ज हैं 13 गंभीर मामले
भोपाल, यशभारत। राजधानी की गोविंदपुरा थाना पुलिस ने महिलाओं के साथ क्रूरतापूर्वक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों ने लूट के दौरान महिलाओं की चलती स्कूटी में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक और लूटा गया मशरूका बरामद कर लिया है।
क्या थी घटना?
बीती 10 अप्रैल की रात करीब 09:40 बजे टीआरटी गोविंदपुरा पानी की टंकी के पास स्कूटी सवार दो महिलाओं को तीन अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने पीछे बैठी महिला के कंधे पर टंगे बैग को लूटने की नीयत से स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिलाएं सड़क पर गिर गईं, जिससे एक के सिर में गंभीर चोट आई और दूसरी का हाथ फ्रैक्चर हो गया। दोनों महिलाएं वर्तमान में आईसीयू में उपचाररत हैं।
सीसीटीवी नहीं थे, मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं थे। पुलिस ने जनसंवाद और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिली कि घटना के वक्त लुटेरे पल्सर बाइक पर देखे गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर 15 अप्रैल को टीआरटी स्कूल के पीछे खंडहर क्वार्टर से आरोपी मो. आदिल (25) और मो. शाबान (20) को गिरफ्तार किया। अंधेरे का लाभ उठाकर इनका साथी मो. यूसुफ फरार हो गया।
फरार आरोपी है शहर का हिस्ट्रीशीटर
पुलिस जांच में सामने आया कि फरार आरोपी मो. यूसुफ बेहद शातिर अपराधी है। उस पर ऐशबाग, जहांगीराबाद, कोहेफिजा और पिपलानी जैसे विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास , लूट और आर्म्स एक्ट के कुल 13 मामले दर्ज हैं। वहीं पकड़े गए आदिल पर 8 और शाबान पर 2 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।







