भोपाल

ट्विशा हत्याकांड सीबीआई ने मांगा लैपटॉप का पासवर्ड – आरोपियों के वॉयस सैंपल पर 3 जुलाई को सुनवाई

ट्विशा हत्याकांड सीबीआई ने मांगा लैपटॉप का पासवर्ड
– आरोपियों के वॉयस सैंपल पर 3 जुलाई को सुनवाई
भोपाल, यश भारत। बहुचर्चित ट्विशा हत्याकांड की सुनवाई मंगलवार को अदालत में हुई, जहां केंद्रीय जांच ब्यूरो ने जांच को आगे बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण आवेदन प्रस्तुत किए। एजेंसी ने आरोपी समर्थ सिंह के जब्त लैपटॉप का पासवर्ड उपलब्ध कराने तथा दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने की अनुमति मांगी है। दोनों आवेदनों पर अदालत अब 3 जुलाई को सुनवाई करेगी। ट्विशा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि सीबीआई जांच के दौरान समर्थ सिंह का लैपटॉप जब्त कर चुकी है, लेकिन वह पासवर्ड से सुरक्षित होने के कारण उसकी फॉरेंसिक जांच पूरी नहीं हो पा रही है। डिजिटल साक्ष्यों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी ने अदालत से पासवर्ड उपलब्ध कराने की अनुमति मांगी है।
इसी के साथ सीबीआई ने दोनों आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने का भी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर अदालत ने तत्काल कोई आदेश पारित नहीं किया और आरोपी पक्ष से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 3 जुलाई को निर्धारित की गई है। सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष ने मौखिक रूप से यह मांग भी रखी कि कथित चोरी के मामले में गिरीबाला सिंह को संबंधित थाना क्षेत्र ले जाकर कथित रूप से चोरी हुए सामान का सत्यापन कराया जाए। इस पर सीबीआई ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चोरी का प्रकरण और ट्विशा हत्याकांड अलग-अलग मामले हैं, इसलिए वर्तमान सुनवाई में इस मांग पर विचार नहीं किया जा सकता। अदालत ने आरोपी पक्ष से कहा कि यदि वे इस संबंध में कोई राहत चाहते हैं तो विधिवत लिखित आवेदन प्रस्तुत करें। केवल मौखिक अनुरोध के आधार पर आदेश पारित नहीं किया जाएगा। फिलहाल इस मांग पर कोई राहत नहीं दी गई। इस बीच सीबीआई के अनुरोध पर अदालत ने दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 जुलाई तक बढ़ाने का आदेश भी पारित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button