एमपी में तबादलों की अवधि 24 घंटे बढ़ी, आज रात 12 बजे तक हो सकेंगे ट्रांसफर

एमपी में तबादलों की अवधि 24 घंटे बढ़ी, आज रात 12 बजे तक हो सकेंगे ट्रांसफर
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के अधिकारी-कर्मचारियों के तबादलों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट की साप्ताहिक बैठक में ट्रांसफर की समय-सीमा को 24 घंटे के लिए बढ़ा दिया गया है। अब प्रदेश में सामान्य तबादले 16 जून की रात 12 बजे तक किए जा सकेंगे। इससे पहले ट्रांसफर पॉलिसी 2026 के तहत तबादलों की आखिरी तारीख 15 जून तय की गई थी।
मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए एमएसएमई मंत्री चेतन्य कश्याप ने बताया कि यह निर्णय कैबिनेट बैठक में मंत्रियों के आग्रह पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के दो से तीन बड़े विभागों में अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या अन्य विभागों के मुकाबले काफी ज्यादा है। इस वजह से उन विभागों को तबादला सूचियों का अनुमोदन (अप्रूवल) करने में अधिक समय लग गया और वे सूचियां पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाई थीं। इसी तकनीकी और व्यावहारिक समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह मोहलत दी है।
गौरतलब है कि पुरानी टाइमलाइन के तहत सोमवार रात 11 बजे तक ट्रांसफर पोर्टल लगातार चलता रहा और थोकबंद तबादले किए गए। इस दौरान राज्य प्रशासनिक सेवा, खनिज, परिवहन, राजस्व, जनसम्पर्क, एमएसएमई और नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) समेत कई विभागों के ट्रांसफर आदेश जारी किए गए। अब बढ़ी हुई अवधि के बाद बचे हुए बड़े विभागों की सूचियां भी आज रात तक पोर्टल पर अपलोड कर दी जाएंगी।







