भोपाल

पुलिस अकादमी में सीमा शुल्क विभाग के 65 निरीक्षकों का प्रशिक्षण पूरा – कानून, अनुशासन, अपराध अनुसंधान और अंतर-विभागीय समन्वय पर दिया विशेष प्रशिक्षण

पुलिस अकादमी में सीमा शुल्क विभाग के 65 निरीक्षकों का प्रशिक्षण पूरा
– कानून, अनुशासन, अपराध अनुसंधान और अंतर-विभागीय समन्वय पर दिया विशेष प्रशिक्षण
यश भारत, भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर एवं नारकोटिक्स अकादमी के निरीक्षक स्तर के 65 अधिकारियों का दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को पूरा हुआ। 31 अगस्त से 12 सितंबर तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन पुलिस उप महानिरीक्षक, होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन अमित सांघी की अध्यक्षता में हुआ। समापन अवसर पर अमित सांघी ने प्रशिक्षणार्थियों को क्षेत्रीय कार्य प्रबंधन, प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, अनुशासन और पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा व्यावसायिक दक्षता से सरकारी कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ती है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परेड एवं अनुशासन, शस्त्र रणनीति, न्यायालयीन प्रक्रिया, मानव अधिकार, व्यावसायिक दक्षता, नीतिशास्त्र एवं नैतिकता, अपराधशास्त्र, व्यक्तित्व विकास, मानव व्यवहार, प्रबंधन तथा कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषयों की जानकारी दी गई। इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रावधानों से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों की कानूनी समझ, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कार्य प्रबंधन कौशल को मजबूत करना था। समापन अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव, रेनू डामोर, रश्मि पाण्डेय, यास्मीन जहरा सहित अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button