रायसेन में दर्दनाक हादसा: लिफ्ट मशीन से करंट लगने से 3 मजदूरों की मौत, 4 गंभीर घायल

मध्य प्रदेश: रायसेन जिले के सिलवानी ब्लॉक स्थित बम्होरी थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रिया कला में एक भीषण हादसे में तीन मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुखद घटना तब हुई जब मकान की छत ढलाई के बाद लिफ्ट मशीन को हटाने के लिए मजदूर उसे धक्का लगा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पड़रिया कला गांव में जमनाप्रसाद कहार के पक्के मकान की छत डालने का काम चल रहा था। काम पूरा होने के बाद, मसाला बनाने वाली लिफ्ट मशीन को हटाते समय, वह बिजली की लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे उसमें जोरदार करंट फैल गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान आजाद ठाकुर (24 वर्ष, पिता सुप्यार सिंह ठाकुर, निवासी नयाखेड़ा), राजेश सिंह (18 वर्ष, पिता कमल सिंह, निवासी ग्राम सलैया), और रूपासिंह बसौड (29 वर्ष, निवासी नयाखेड़ा) के रूप में हुई है।
वहीं, चार अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में नीलेश ठाकुर (24 वर्ष, पिता दौलत सिंह ठाकुर, निवासी नयाखेड़ा), सुरेन्द्र कहार (22 वर्ष, पिता जमना प्रसाद कहार, निवासी पड़रिया कला), कमल कहार (35 वर्ष, पिता शंकरलाल कहार, निवासी गौहरगंज), और दुर्गेश कहार (35 वर्ष, पिता लल्लू कहार, निवासी बाड़ी) शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले बम्होरी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सिलवानी सिविल अस्पताल रेफर किया गया। एसडीओपी अनिल मौर्य ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य तथा घटना के संबंध में जानकारी ली।पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा किसकी लापरवाही से हुआ।






