कार्रवाई के बीच सड़कों पर उतरे व्यापारी, सीएम हाउस कूच से पहले पुलिस ने रोका

कार्रवाई के बीच सड़कों पर उतरे व्यापारी, सीएम हाउस कूच से पहले पुलिस ने रोका

भोपाल, यश भारत । रहवासी इलाकों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। सुबह 9 बजे से निगम की टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में होटल, कैफे, बेकरी और दुकानों को बंद कराने की कार्रवाई की। कोहेफिजा के चाय लीला कैफे सहित कई प्रतिष्ठानों के संचालकों ने कार्रवाई से पहले ही दुकानें बंद कर दीं।
निगम की कार्रवाई के विरोध में व्यापारी भी पीछे नहीं हटे। भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में व्यापारी न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप पर जुटे और मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए सीएम हाउस की ओर रवाना हुए। व्यापारियों का काफिला रोशनपुरा चौराहे की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
शहर के कई हिस्सों में पहुंची निगम की टीमें

मंगलवार को कोहेफिजा, सिंधी कॉलोनी, कबाड़खाना, करोंद, सुभाष नगर, न्यू एमपी-एमएलए कॉलोनी, जहांगीराबाद, करबला रोड, बाग मुगालिया, अमराई, सहयोग विहार, रघुनाथ नगर, रोहित नगर, ज्योतिनगर, चंचल नगर, सीहोर नाका, गांधी नगर और सीटीओ क्षेत्र में कार्रवाई की गई। बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर होटल प्रेस्टिसाइड और शैक बार, इकबाल मैदान में स्वीट बुक, करोंद में फ्रेश बैक और कोहेफिजा में चाय लीला को बंद कराया गया। कई प्रतिष्ठानों पर संचालकों ने खुद ही बंद करने के पोस्टर लगा दिए।







