ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल
सिहोरा में भीषण सड़क हादसा

जबलपुर यशभारत | सिहोरा थाना क्षेत्र में अंतर्गत एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।
पुलिस के अनुसार पान उमरिया निवासी 30 वर्षीय सत्येंद्र चौधरी एवं 27 वर्षीय लक्ष्मण चौधरी सिहोरा से बाइक से अपने किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान शनि मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। घटनास्थल का माहौल काफी भावुक हो गया।
लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में ट्रैक्टर और भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जिसकी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







