पानी के खुले चैंबर में गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की मौत

पानी के खुले चैंबर में गिरने से तीन साल की मासूम बच्ची की मौत
भोपाल, यशभारत। कजलीखेड़ा थाना इलाके में पानी के एक खुले चैंबर में गिरने से तीन साल की एक मासूम बच्ची की असमय मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कजलीखेड़ा निवासी राज रैकवार की 3 वर्षीय पुत्री देविका अपने घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक घर के पास ही बने एक खुले चैंबर में जा गिरी। चैंबर में पानी भरा होने के कारण बच्ची उसमें डूब गई।
जब तक आसपास के लोगों और परिजनों की नजर पड़ी और उन्होंने मशक्कत कर मासूम को पानी से बाहर निकाला, तब तक काफी देर हो चुकी थी। परिजन तुरंत उसे गंभीर हालत में रामकृष्ण अस्पताल लेकर भागे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।







