भोपालमध्य प्रदेश

पीथमपुर की कंपनी में तीन धमाके, एक किलोमीटर दूर तक गूंजी आवाज – तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस

पीथमपुर की कंपनी में तीन धमाके, एक किलोमीटर दूर तक गूंजी आवाज
– तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यश भारत । औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के सेक्टर-2 स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में मंगलवार को अचानक हुए तीन जोरदार धमाकों से इलाके में हड़कंप मच गया। विस्फोट इतने तेज थे कि उनकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंपनी के पास स्थित तारपुरा और बजरंगपुरा गांवों में लोगों ने तेज झटके महसूस किए। ग्रामीणों के मुताबिक कई घरों में रखे बर्तन और टीवी तक स्टैंड से नीचे गिर गए। घटना के बाद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
कारणों की जांच जारी
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि धमाकों की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुए, इसकी जांच की जा रही है।
वहीं थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने बताया कि कंपनी परिसर में हुई घटना की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। कंपनी प्रबंधन ने भी किसी के हताहत होने से इनकार किया है।
पहले भी विवादों में रही कंपनी
रामकी एनवायरो कंपनी पहले भी विवादों में रह चुकी है। पिछले वर्ष यह कंपनी भोपाल गैस कांड से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर चर्चा में आई थी। कचरा प्रबंधन का काम करने वाली इस कंपनी में हुए धमाकों ने एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button