पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर कराया गया खाली

जबलपुर, यश भारत। पटना सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। कोर्ट के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को बाहर निकालकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। धमकी की जानकारी मिलने के बाद डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमें कोर्ट परिसर और कोर्ट रूम की तलाशी में जुट गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
मौके पर मौजूद एसडीपीओ-1 राजेश रंजन ने बताया कि सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली है। ई-मेल की जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की गहन तलाशी ले रही हैं। तलाशी पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पटना सिविल कोर्ट को करीब डेढ़ साल के दौरान कई बार बम धमकी मिल चुकी है। इससे पहले अप्रैल 2025 में कोर्ट परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अगस्त, अक्टूबर 2025 और जनवरी-फरवरी 2026 में भी ई-मेल के जरिए धमकियां मिली थीं।
9 फरवरी 2026 को धमकी के बाद अदालती कामकाज प्रभावित हुआ था। 11 फरवरी को फिर धमकी मिली, जबकि 12 फरवरी को रजिस्ट्रार के फोन पर कॉल कर पूरी इमारत उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। 9 मार्च को पटना सिविल कोर्ट और बाढ़ कोर्ट को भी धमकी मिली थी। 18 सितंबर को मिली ताजा धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं।







