विधायक अजय विश्नोई के बंगले में घुसे चोर को खुद मंत्री ने दबोचा

विधायक अजय विश्नोई के बंगले में घुसे चोर को खुद मंत्री ने दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके चार इमली में स्थित पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक अजय विश्नोई के सरकारी बंगले पर सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार सुबह बंगले में चोरी की नीयत से घुसे एक युवक को खुद विधायक अजय विश्नोई ने रंगे हाथों दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि उसी परिसर के सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाले परिवार का ही एक लड़का है।
एक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि के आधिकारिक आवास पर इस तरह की घटना होना और वह भी खुद विधायक द्वारा आरोपी को पकड़ना कई बड़े सवाल खड़े करता है क्या वीवीआईपी आवासों में रहने वाले लोगों की पृष्ठभूमि का सत्यापन ठीक से नहीं हो रहा है? या फिर राजधानी के सुरक्षा घेरे में सेंध लगाने वाले अब अपनों के ही बीच छिपे हैं?
फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है कि युवक का असल मकसद क्या था और इस वारदात के पीछे क्या कोई बड़ी साजिश या आपसी रंजिश तो नहीं। विधायक द्वारा आरोपी को पकड़े जाने के बाद अब इस बात का इंतज़ार है कि पुलिस इस मामले में क्या और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।







